
दिल्ली से पहुंचेंगे 41 डिजिटल क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स, बोटिंग और प्राकृतिक पर्यटन का लेंगे अनुभव
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में पर्यटन विभाग द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में दिल्ली के 41 डिजिटल क्रिएटर्स एवं इन्फ्लुएंसर्स छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण पर पहुंच रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दल 1 अक्टूबर को नारायणपुर से धमतरी होते हुए गंगरेल पहुंचेगा।गंगरेल में डिजिटल क्रिएटर्स को जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता, बोटिंग, हरित परिवेश और स्थानीय पर्यटन सुविधाओं का अनुभव कराया जाएगा। उनके लिए बोटिंग, आवास, भ्रमण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। क्रिएटर्स गंगरेल के पर्यटन अनुभवों को डिजिटल कंटेंट के माध्यम से देशभर के दर्शकों तक पहुंचाएंगे।कलेक्टर ने कार्यक्रम के सुचारू संचालन एवं विभागीय समन्वय के लिए एसडीएम ने पीयूष तिवारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है,जिसके मार्गदर्शन में संबंधित विभागों द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, विद्युत, चिकित्सा, आवास और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय किया जाएगा।
डिजिटल मंच पर दिखेगी गंगरेल की खूबसूरती
डिजिटल क्रिएटर्स की यात्रा के माध्यम से गंगरेल की प्राकृतिक छटा, जलाशय आधारित पर्यटन, बोटिंग और स्थानीय आतिथ्य को देशभर में व्यापक डिजिटल पहुंच मिलने की उम्मीद है,इससे धमतरी की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने और संभावित पर्यटकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।जिला प्रशासन द्वारा टीम के आगमन से लेकर भ्रमण एवं वापसी तक सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है।

