बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था

विशेष स्वास्थ्य दल करेंगे ग्रामीणों की जांच, दवा और मच्छरदानियों का होगा वितरण

धमतरी। जिले में लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेष स्वास्थ्य दल गठित कर तैनात किए जा रहे हैं।सीईओ जिला पंचायत ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को प्रभावित गांवों में शीघ्र स्वास्थ्य दल गठित कर तैनात करने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक दल में आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों को शामिल किया जाएगा। साथ ही दलों के लिए नोडल अधिकारी और संपर्क नंबर निर्धारित किए जाएंगे तथा प्रभावित गांवों की सूची के आधार पर स्वास्थ्य दलों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।स्वास्थ्य दलों को आवश्यक दवाइयां, प्राथमिक उपचार सामग्री, ओआरएस, मच्छरदानी सहित अन्य जरूरी स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य जांच के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में बुखार, जलजनित एवं मौसमी बीमारियों के लक्षणों की विशेष रूप से जांच की जाएगी। आवश्यकता होने पर मरीजों को आगे के उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया जाएगा। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए प्रभावित परिवारों को मच्छरदानियों का वितरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध मच्छरदानियों का आकलन कर आवश्यकता के अनुसार उनका वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है।सीईओ ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी किसी भी आवश्यकता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य दलों की तैनाती, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और मच्छरदानी वितरण की नियमित जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *