
बिहान समूह से जुड़ी सगनी बाई ध्रुव के निधन के बाद पति को मिला प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ
धमतरी। ग्रामीण परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाएं विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहारा बन रही हैं। इसका उदाहरण ग्राम अर्जुनी निवासी एवं ठाकुर देव स्व-सहायता समूह की सदस्य स्वर्गीय सगनी बाई ध्रुव का परिवार है, जिन्हें प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़ने का लाभ मिला।सगनी बाई ध्रुव ने योजना के तहत मात्र ₹436 वार्षिक प्रीमियम देकर अपना बीमा कराया था। उनके निधन के बाद बीमा दावा प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके पश्चात उनके पति कानतु राम ध्रुव को ₹2 लाख की बीमा राशि प्राप्त हुई। परिवार के लिए यह राशि कठिन समय में आर्थिक संबल बनी है।
बिहान समूह ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
बीमा का लाभ दिलाने की प्रक्रिया में बैंक सखी कामिनी विश्वकर्मा एवं बीमा सखी प्रतिमा साहू का सहयोग रहा। वहीं आश्रय महिला क्लस्टर संगठन, देमार के माध्यम से आवश्यक समन्वय किया गया। समूह स्तर पर योजना की जानकारी देने से लेकर बीमा कराने और दावा प्रक्रिया में सहयोग तक बिहान समूह से जुड़े सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के स्व-सहायता समूह महिलाओं को आजीविका गतिविधियों के साथ बैंकिंग, बचत, बीमा, पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
छोटी राशि, बड़ी सुरक्षा
सगनी बाई ध्रुव का प्रकरण बताता है कि कम वार्षिक प्रीमियम में बीमा सुरक्षा प्राप्त कर परिवार को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सहारा मिल सकता है। उनके पति को मिली ₹2 लाख की राशि परिवार की आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों में मददगार साबित होगी।बिहान के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

