

धमतरी में 5,839 स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 1.19 लाख पैथोलॉजी जांच और 4.12 लाख दवाइयों का वितरण
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से अब तक 4 लाख 66 हजार 744 मरीजों का उपचार किया गया है। इस दौरान 1 लाख 19 हजार 370 पैथोलॉजी जांच की गईं और 4 लाख 12 हजार 116 दवाइयों का वितरण किया गया। जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से 5 हजार 839 स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं।जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए चार मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। MMU-1 और MMU-2 निगम क्षेत्र, MMU-3 कुरुद-मगरलोड तथा MMU-4 नगरी-आमदी-भखारा क्षेत्र में सेवाएं दे रही है।
जांच, उपचार और दवा की सुविधा एक ही स्थान पर
मोबाइल मेडिकल यूनिटों में डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन और आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण उपलब्ध हैं। शिविरों में मरीजों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, पैथोलॉजी जांच, उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं एवं एटीएम हेल्थ मशीन के जरिए 50 से अधिक प्रकार के टेस्ट करने और मौके पर ही रिपोर्ट उपलब्ध कराने की सुविधा भी दी जा रही है।इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सामान्य स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता कम हुई है।
स्वास्थ्य जागरूकता पर भी जोर
शिविरों में उपचार के साथ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारी के शुरुआती लक्षणों और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के संबंध में जानकारी दी जा रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिटों के संचालन में भव्या हेल्थ सर्विसेज प्रा. लि. की प्रबंधन एवं फील्ड टीम द्वारा आवश्यक समन्वय किया जा रहा है।विभाग का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद आबादी तक स्थानीय स्तर पर पहुंचाना है।

