
लैपटॉप, 8 मोबाइल और वनप्लस पैड समेत करीब 2.50 लाख रुपये का सामान ले जाने के मामले में था फरार
धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बनकर घर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने, गोली मारने की धमकी देने और लैपटॉप, मोबाइल फोन व वनप्लस पैड समेत करीब 2.50 लाख रुपये का सामान ले जाने के मामले में फरार आरोपी को सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, प्रार्थी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन रुद्री में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कुछ लोग खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का अधिकारी बताकर घर में घुसे और गोली मारने की धमकी देकर वहां रखा लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन अपने साथ ले गए। विवेचना के दौरान मामले में कुछ अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।
दो आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में रामचंद देवांगन निवासी रुद्री और नागेंद्र पटेल निवासी पटना, जिला कोरिया को पूर्व में गिरफ्तार किया था। वहीं प्रकरण में फरार चल रहे हितेश सिंह, निवासी ग्राम सलका बड़कापारा,जिला कोरिया को पुलिस ने 22 सितंबर को गिरफ्तार किया।

