आवारा बेल को पकड़कर थाने पहुंचे युवक, निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

गौतम वाधवानी ने निगम की लापरवाही का लगाया आरोप

धमतरी। सुंदरगंज वार्ड की सपना कॉलोनी में एक आवारा बेल के आतंक से रहवासी परेशान हैं। स्थानीय निवासी गौतम वाधवानी के अनुसार बेल आए दिन घरों में घुसकर सामान व फल-फ्रूट खा रहा था और लोगों को दौड़ाने के कारण क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था। शिकायत के बावजूद निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है।

बताया गया कि निगम कर्मचारियों ने बेल को पकड़ा था, लेकिन काऊ कैचर वाहन नहीं पहुंचने के कारण उसे रात में छोड़ दिया गया। रविवार सुबह बेल फिर कॉलोनी में पहुंच गया और गौतम वाधवानी के पिता को दौड़ाने लगा। इसके बाद वाधवानी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बेल को अपनी टाटा एस गाड़ी से पकड़कर थाने पहुंचाया और पुलिस को सौंप दिया।थाना प्रभारी ने निगम अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद निगम कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बेल को खपरी गोठान ले गए। वाधवानी ने शहर में सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों और कुत्तों के कारण बढ़ रहे हादसों पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन से मामले में संज्ञान लेकर स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *