
धमतरी। ग्राम उमरगांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राम-जानकी मंदिर में पुरोहित दिलीप पाठक ने पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पर्व के दौरान छह बाल मंडलियों ने 24 घंटे तक बारी-बारी से कृष्ण भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए।वहीं बच्चों को राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजाया गया तथा विसर्जन के अवसर पर गौरा चौक ठाकुरपारा मंडली द्वारा आकर्षक झांकी निकाली गई, जिसने लोगों का मन मोह लिया। यादव समाज की ओर से खीर-पुड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आयोजन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।

