

म्युनिसिपल स्कूल से शुरू हुई यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गौशाला मैदान में हुआ समापन
धमतरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 13 अगस्त को धमतरी शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे म्युनिसिपल स्कूल से हुआ।इस दौरान तिरंगा यात्रा में महापौर रामू रोहरा,जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस,ठाकुर शशि पवार , तिरंगा यात्रा कार्यक्रम संयोजक चेतन हिन्दुजा एवं रोहिताश मिश्रा,पार्षदगण, एल्डरमेन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए,यात्रा ने धमतरी शहर से ‘तिरंगे के सम्मान में एकजुट भारत’ का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस भव्य आयोजन ने नागरिकों में देशप्रेम, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को और प्रबल किया।
तिरंगा यात्रा म्युनिसिपल स्कूल से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गौशाला मैदान पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों और राष्ट्रीय एकता के संदेशों से शहर का वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा।यात्रा का विशेष आकर्षण स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा हाथों में थामा गया 1100 फीट से अधिक लंबा तिरंगा रहा। विशाल तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते विद्यार्थियों और नागरिकों ने एकता, अखंडता और देशभक्ति का जीवंत संदेश दिया तथा विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, गौरव, त्याग, संघर्ष और एकता का प्रतीक है।स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर देता है, जिनके त्याग और संघर्ष से देश को आजादी मिली,तिरंगा यात्रा जैसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने और नागरिकों को राष्ट्रीय एकता के सूत्र में बांधने का प्रभावी माध्यम हैं।


