
पिछले वर्ष जिले की 827 छात्राओं को मिला 2.48 करोड़ रुपये का लाभ, इस वर्ष अधिकतम पात्र छात्राओं तक पहुंचाने की तैयारी
धमतरी। उच्च शिक्षा प्राप्त करने की इच्छुक छात्राओं के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित वार्षिक छात्रवृत्ति योजना एक महत्वपूर्ण अवसर लेकर आई है।शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति पोर्टल का प्रथम चरण 10 अगस्त से 31 अगस्त तक खुला रहेगा।यह छात्रवृत्ति उन छात्राओं के लिए है जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों परीक्षाएं पात्र 19 राज्यों एवं 2 केंद्रशासित प्रदेशों के शासकीय विद्यालय अथवा महाविद्यालय से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हों तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य या केंद्रशासित प्रदेश के मान्यता प्राप्त शासकीय एवं प्रामाणिक निजी महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में 2 से 5 वर्ष अवधि के स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो।पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे उनकी उच्च शिक्षा की राह और अधिक सुगम हो सके।जिले के लिए यह योजना पहले ही उल्लेखनीय परिणाम दे चुकी है।अतःजिला प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों से पात्र छात्राओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा निर्धारित अवधि के भीतर शत-प्रतिशत पात्र छात्राओं के आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की है।साथ ही छात्राओं और अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे आवेदन की अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करते हुए समय रहते आवश्यक दस्तावेज तैयार कर आवेदन करें।योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति व्हाट्सऐप हेल्पलाइन +91 90199 60536 पर संपर्क किया जा सकता है। आवेदन का दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।


