
लगभग 39 वर्ष 5 माह एवं 36 वर्ष 9 माह की लंबी पुलिस सेवा को सम्मानपूर्वक विदाई, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के लिए अधिकारियों का किया गया सम्मान
एसपी ने कहा- “सरकारी सेवा की अवधि सीमित होती है, लेकिन ईमानदारी और समर्पण से किया गया कार्य सदैव स्मरणीय रहता है”
धमतरी। धमतरी पुलिस परिवार के लिए आज का दिन भावुक, गौरवपूर्ण एवं स्मरणीय रहा।पुलिस विभाग में वर्षों तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी सेवाएं देने वाले निरीक्षक रामकिशुन अग्निवंशी एवं सहायक उप निरीक्षक देवनाथ सिन्हा के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस द्वारा विदाई समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के दीर्घ सेवाकाल, कर्तव्यनिष्ठा एवं विभाग के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।वहीं एसपी ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके लंबे एवं गौरवपूर्ण सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी सेवा का सेवाकाल निश्चित होता है, लेकिन उस अवधि में पूरी ईमानदारी, लगन और जिम्मेदारी के साथ किया गया कार्य हमेशा याद रहता है,जिस अवधि के लिए हमें जिम्मेदारी सौंपी जाती है, उस दौरान अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना ही सच्ची सेवा है।
दोनों अधिकारियों ने अपने लंबे सेवाकाल में कठिन परिस्थितियों के बीच भी पूरी मेहनत, समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया,पुलिस विभाग को उनके अनुभव एवं योगदान का सदैव स्मरण रहेगा।वहीं दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव साझा किए तथा पुलिस परिवार द्वारा दिए गए सम्मान एवं स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।


