

“मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित”
“अनुशासन, यातायात प्रबंधन, अनुसंधान और साइबर अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य का मिला राज्य स्तरीय सम्मान”
धमतरी। रायपुर में आयोजित ‘पत्रिका पुलिस जज्बा अवार्ड-2026’ समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच धमतरी जिले के चार अधिकारी-कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ अरुण देव गौतम के करकमलों से प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
धमतरी जिले से सम्मानित अधिकारी-कर्मचारी :अनुशासन श्रेणी (प्रथम स्थान) – सउनि. रामावतार सिंह राजपूत, रक्षित केंद्र धमतरी सेवाकाल के दौरान अनुशासन, निष्ठा एवं समयबद्ध कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने तथा 218 बार पुरस्कृत होने पर राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ट्रैफिक मैनेजमेंट श्रेणी (प्रथम स्थान) – उप निरीक्षक खेमराज साहू, जिला धमतरी वीआईपी ड्यूटी, धार्मिक आयोजनों एवं उत्कृष्ट यातायात प्रबंधन, 21,417 चालानी कार्यवाहियों तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित अस्पताल पहुंचाने जैसे सराहनीय कार्यों के लिए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इन्वेस्टिगेशन (अनुसंधान/अन्वेषण) श्रेणी (द्वितीय स्थान)-
सउनि. राधेश्याम बंजारे, जिला धमतरी गंभीर आपराधिक प्रकरणों में प्रभावी अनुसंधान कर आरोपियों को कठोर सजा दिलाने एवं विवेचना की उत्कृष्ट गुणवत्ता के लिए राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
साइबर क्राइम श्रेणी (तृतीय स्थान) – आरक्षक कमल जोशी, जिला धमतरी साइबर अपराधों की तकनीकी विवेचना, डिजिटल साक्ष्य संकलन एवं साइबर अपराधियों तक पहुंच बनाने में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर एसपी भावना पाण्डेय ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे धमतरी पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को और अधिक समर्पण, ईमानदारी एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।


