
वारदात में प्रयुक्त वाहन एवं हथियार जब्त
धमतरी। थाना कुरूद पुलिस द्वारा प्रकरण के अनुसार 28 जुलाई को लगभग दोपहर 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल कुरूद की स्कूल बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी।इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने बस को रोककर चालक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद किया एवं अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा धारदार हथियार से हमला कर चालक को घायल कर दिया,जिसकी सूचना पर तत्काल थाना कुरूद में धारा 296, 115(2), 351(2), 126(2), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण,साक्ष्य संकलन एवं गवाहों के कथन के आधार पर आरोपी रोहन साहू,उम्र 21 वर्ष, निवासी मोंगरा, हाल पता अमृत विहार कॉलोनी कुरूद को विधिवत गिरफ्तार किया।साथ ही प्रकरण में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार वैधानिक कार्यवाही की गई तथा आरोपी रोहन साहू को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।


