

धमतरी। किशोरियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुजगहन,में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछोटी की स्वास्थ्य टीम द्वारा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया।अभियान के अंतर्गत 14 छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण अभिभावकों की पूर्व सहमति प्राप्त होने के उपरांत सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक किया गया। टीकाकरण से पूर्व लगातार दो दिनों तक विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, इससे होने वाली गंभीर बीमारियों तथा टीकाकरण के महत्व के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया।स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है तथा किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी कदम है।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं का टीकाकरण किया तथा टीकाकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सावधानियों से अवगत कराया व टीकाकरण के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने तथा स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संदेश दिया, वहीं विद्यालय परिवार ने इस अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, विद्यालय भविष्य में भी स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय सहभागिता करता रहेगा।


