

गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, धमतरी को आधुनिक एवं सुविधासंपन्न शहर बनाने पर जोर
धमतरी। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं शहरी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का महापौर, कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया,अधिकारियों ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता, कार्य की प्रगति तथा समय-सीमा की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों एवं कार्यदायी एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, नहर नाका चौक, जालमपुर स्थित बॉक्स क्रिकेट परिसर, सिहावा चौक के समीप निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, खपरी-अर्जुनी स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड तथा कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का अवलोकन किया।प्रत्येक परियोजना में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं कार्य की गति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसुविधा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।वहीं निरीक्षण के दौरान सिहावा चौक से कोलियारी तथा रत्नाबांधा से मुजगहन तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया, ड्रेनेज व्यवस्था, पैदल पथ निर्माण, विद्युत लाइन शिफ्टिंग तथा यातायात प्रबंधन से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक निर्माण कार्य गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र लाभ मिल सके एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्यों के नियमित मॉनिटरिंग पर भी बल दिया।वहीं कलेक्टर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से धमतरी शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप मिलेगा, बेहतर यातायात व्यवस्था, खेल सुविधाएं, सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आधुनिक अधोसंरचना तथा नागरिकों के लिए विकसित सार्वजनिक स्थल शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे,जिला प्रशासन का लक्ष्य धमतरी को एक सुविधासंपन्न, स्वच्छ, सुरक्षित एवं जनोन्मुखी शहर के रूप में विकसित करना है,सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने भवन में फाल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक साउंड सिस्टम, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था तथा दर्शकों के लिए आरामदायक बैठने की सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कांटा तालाब में विकसित की जा रही चौपाटी का निरीक्षण करते हुए इसे शहर का प्रमुख आकर्षण एवं पारिवारिक मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। कहा कि इस परियोजना से नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।निरीक्षण के दौरान रत्नाबांधा एवं मुस्कान क्षेत्र के मध्य स्थित तालाब परिसर का अवलोकन कर वहां भी चौपाटी विकसित करने की संभावनाओं का परीक्षण किया गया साथ ही पीजी कॉलेज मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता, पर्यावरणीय संतुलन एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिससे शहर के नागरिकों को दीर्घकालीन एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।


