
धमतरी। वनमंडल के बिरगुड़ी परिक्षेत्र अंतर्गत खैरभरी बीट के आरक्षित वन में वन्यजीवों के शिकार के मामले में वन विभाग द्वारा कार्रवाई की गई।जानकारी के अनुसार,4 जुलाई को ग्राम भनसुली (तहसील नरहरपुर, जिला कांकेर) के विनोद कुमार टेकाम, घसिया, प्रदीप नेताम, शैलेन्द्र कुमार यादव एवं शिवानंद मरकाम ने तीन धामन (असोड़िया) सांप और एक गोह का शिकार किया तथा घर ले जाकर सब्जी बनाकर सभी ने उसका सेवन किया,जिसकी सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर धमतरी वनमंडल, कांकेर वनमंडल तथा उड़नदस्ता एवं एंटी-पोचिंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। ग्राम भनसुली में पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया तथा आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं 2(20), 9, 39, 50, 51 एवं 52 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


