
हत्या को आत्महत्या साबित करने की साजिश बेनकाब, माँ और भाई गिरफ्तार
धमतरी। चौकी बिरेझर,ग्राम गोजी में 29 जून को युवक नरसिंग साहू उम्र 23 वर्ष की संदिग्ध मृत्यु से संबंधित है। प्रारंभिक रूप से मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा था, किंतु घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण,वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन,गवाहों से गहन पूछताछ एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट का सूक्ष्म विश्लेषण के दौरान प्राप्त तथ्यों से स्पष्ट हुआ कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा मृतक की मृत्यु गला हाथ से दबाने एवं रस्सी से कसकर श्वास अवरुद्ध करने के कारण होना तथा मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना स्पष्ट किए जाने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर जांच तेज कर दी।तथा
लगातार पूछताछ एवं तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक के भाई नरेश साहू उम्र 22 वर्ष तथा माता कमला बाई साहू उम्र 60 वर्ष से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद एवं मारपीट होने लगी, जिससे आक्रोशित होकर दोनों ने उनकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक दवा भी पिला दी, तथा शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का स्वरूप देने का प्रयास किया तथा परिजनों के समक्ष झूठी कहानी गढ़ी।जिस पर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर धारा 103(1),238,3,(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


