खरीफ 2026 की तैयारी पूरी, खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता से किसानों को मिलेगी समय पर सुविधा

कलेक्टर के मार्गदर्शन में उर्वरक वितरण व्यवस्था सुदृढ़, कालाबाजारी रोकने विशेष निगरानी दल सक्रिय

धमतरी। आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं, ताकि खेती-किसानी के कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।जानकारी के अनुसार जिले की 43 सहकारी समितियों में अब तक 3090.30 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है। वहीं सहकारी एवं निजी क्षेत्रों में कुल 29,113.70 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध कराया गया है। इसमें यूरिया, डीएपी सहित अन्य आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण शामिल है,ताकि किसानों की मांग के अनुरूप बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर सामग्री प्राप्त हो सके।साथ ही उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और सुगमता बनाए रखने के लिए सहकारी समितियों के साथ-साथ निजी उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं की भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।वहीं जिले में खाद एवं बीज की कालाबाजारी तथा नकली उत्पादों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर विशेष जांच दल गठित किए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।वैश्विक परिस्थितियों एवं उर्वरकों की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। कलेक्टर के मार्गदर्शन में किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी साथ-साथ नील हरित काई, गोबर कंपोस्ट तथा वर्मी कंपोस्ट के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित विकसित कृषि संकल्प अभियान के शिविरों के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जा रहा है,इससे रासायनिक उर्वरकों की उपयोगिता में कमी लाने और भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने में सहायता मिलेगी।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत केंद्रों से ही खाद एवं बीज क्रय करें तथा कृषि वैज्ञानिकों द्वारा निर्धारित संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *