

कलेक्टर ने भरवाया पहला फॉर्म
धमतरी। जिले में से डोर-टू-डोर जनगणना कार्य का शुभारंभ हो गया।इस क्रम में ग्राम रुद्री में प्रगणक द्वारा कलेक्टर से जनगणना संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उनका प्रथम फॉर्म भरा गया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने जनगणना कार्य से जुड़े प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व के निर्वहन हेतु पूरी तैयारी के साथ कार्य करें।कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं और नीतियों की आधारशिला है।सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं।कलेक्टर ने प्रगणकों को नागरिकों से विनम्र संवाद स्थापित करने, गोपनीयता बनाए रखने तथा प्रत्येक जानकारी को सावधानीपूर्वक दर्ज करने के निर्देश दिए।तथा तकनीकी संसाधनों का भी प्रभावी उपयोग किया जाए, जिससे डेटा संकलन में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हो सके।वहीं भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव के उपाय अपनाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।कहा कि यह कार्य चरणबद्ध एवं बहुस्तरीय है, जिसे टीम वर्क और बेहतर समन्वय से ही सफल बनाया जा सकता है।साथ ही कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर मनोज मरकाम, अतिरिक्त तहसीलदार मधुकर सिरमौर तथा राजस्व निरीक्षक द्वारा ग्राम रुद्री में संचालित जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण किया गया।

