
राज्य में अब तक खरीदे गए कुल चने का लगभग 40 प्रतिशत अकेले धमतरी जिले से
धमतरी। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत जिले के 11 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से समर्थन मूल्य पर चना खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 5847 किसानों से 76 हजार क्विंटल चना खरीदी की जा चुकी है, जो लक्ष्य का लगभग 76 प्रतिशत है।विशेष बात यह है कि पूरे राज्य में अब तक खरीदे गए कुल चने का लगभग 40 प्रतिशत अकेले धमतरी से है, जिससे जिला प्रदेश में अग्रणी स्थान पर बना हुआ है।एवं किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।वहीं अब तक जिले के किसानों को लगभग 7 करोड़ रुपये का भुगतान भी सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किया गया है।इससे किसानों में उत्साह बना हुआ है और वे अधिक मात्रा में अपनी उपज विक्रय के लिए केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।


