

NIT रायपुर, जिला प्रशासन एवं बीआरपी पॉलिटेक्निक के बीच STREE परियोजना हेतु त्रिपक्षीय MoU हस्ताक्षरित
धमतरी। जिले में ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक और ऐतिहासिक पहल की गई।
NIT रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमणा राव, कलेक्टर तथा बीआरपी पॉलिटेक्निक कॉलेज, धमतरी के प्राचार्य ने संयुक्त रूप से MoU पर हस्ताक्षर कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ कलेक्टोरेट सभाकक्ष में किया।यह परियोजना DSIR विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के TDUPW-A2K+ कार्यक्रम तहत लगभग ₹90 लाख की वित्तीय सहायता से संचालित होगी।36 माह की अवधि में यह पहल जिले की 300 ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।इस परियोजना के अंतर्गत महिलाओं को कोसा रेशम (कोकून) प्रसंस्करण, फाइबर निष्कर्षण, आधुनिक बुनाई तकनीक, उत्पाद डिज़ाइन, उद्यमिता विकास एवं बाजार से जोड़ने (मार्केट लिंकेज) जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। विशेष रूप से वंचित, आदिवासी एवं कृषि-आधारित समुदायों की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग एवं मूल्य संवर्धन सुनिश्चित हो सके।यह पहल 4 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में DSIR के साथ हुए पूर्व समझौते का विस्तार है, जो शैक्षणिक संस्थानों, प्रशासन एवं स्थानीय स्तर पर समन्वित विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है।इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि जिले में हैंडलूम एवं कृषि आधारित आजीविका की अपार संभावनाएँ हैं। STREE परियोजना के माध्यम से वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग से स्थानीय कौशल को निखारने का कार्य किया जाएगा।


