

धमतरी। जल संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जलग्रहण समिति बेलौदी,द्वारा वाटरशेड महोत्सव का आयोजन किया गया।यह भारत सरकार द्वारा संचालित फ्लैगशिप योजना जल एवं मृदा संरक्षण को सुदृढ़ करने, सतत कृषि को बढ़ावा देने और ग्रामीण समुदायों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है।महोत्सव में मुख्य अतिथि,विरेन्द्र साहू ने फसल चक्र परिवर्तन अपनाने पर जोर देते हुए ग्रामीणों से पानी बचाने और वृक्षारोपण करने की अपील की।वहीं मीना साहू ने कहा कि जल संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक घर से होनी चाहिए।जल की प्रत्येक बूंद को बचाने और भविष्य की पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने पर बल दिया।महोत्सव में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा जल संरक्षण विषय पर प्रभात फेरी, रंगोली प्रतियोगिता तथा “पानी की पाठशाला” के माध्यम से जनजागरूकता का मंचन किया गया।कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि वाटरशेड परियोजना अंतर्गत जल एवं मृदा संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए चेकडेम, स्टापडेम, तालाब निर्माण, पेरीकोलेशन टैंक, कंटूर ट्रेंच, गली प्लग, बोरी बंधान एवं वृक्षारोपण जैसे कार्य प्रभावी रूप से किए जा रहे हैं, जिनसे क्षेत्र में जलस्तर बढ़ाने, कृषि उत्पादकता सुधारने एवं ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।


