
युवा नवाचार को पंख,54 घंटे में आइडिया से उद्यम तक
मेंटर्स द्वारा टेक्नोलॉजी, फूड प्रोसेसिंग, एग्री-इनोवेशन, हेल्थकेयर, पर्यटन, डिजिटलीकरण एवं एंटरटेनमेंट सेक्टर के आइडियाज पर विशेष मार्गदर्शन
धमतरी। युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड का तीन दिवसीय आयोजन 28 नवम्बर से गंगरेल में प्रारंभ हुआ।छत्तीसगढ़ में यह पहला टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड है, जिसमें युवाओं के नवीन विचारों को व्यवहारिक मॉडल के रूप में विकसित करने पर बल दिया जा रहा है।कार्यक्रम में प्रतिभागी 54 घंटे तक सतत कार्य कर अपने आइडिया को एक व्यवहारिक एवं निवेश योग्य स्टार्टअप मॉडल में परिवर्तित करने पर काम कर रहे हैं। उन्हें बीचहेड मार्केट की पहचान, उत्पाद विकास, बिजनेस मॉडल निर्माण, पिच डेक तैयार करने तथा अपने स्टार्टअप को वैश्विक स्तर पर स्केल करने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।आयोजन में देश के विभिन्न शहरों तथा राज्य से आए 10 से अधिक निवेशक, 20 से अधिक अनुभवी मेंटर्स, 50 स्टार्टअप टीमें और 100 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए हैं।मेंटर्स द्वारा प्रतिभागियों को बाजार की वास्तविक चुनौतियों को समझकर समाधान-केंद्रित मॉडल विकसित करने को प्रेरित किया जा रहा है। निवेशक उन स्टार्टअप्स में रुचि दिखा रहे हैं जिनके आइडिया स्केलेबल, तकनीकी रूप से मजबूत और सामाजिक प्रभाव वाले हों।कलेक्टर ने कहा कि “धमतरी हमेशा से प्रतिभाओं की भूमि रही है। यह आयोजन युवाओं को न केवल मंच प्रदान करते हैं, बल्कि उद्योग जगत से प्रत्यक्ष जुड़ाव का अवसर भी देते हैं।जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि यहां के युवा केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले उद्यमी बनें।ऐसे आयोजनों से जिला पर ही नहीं, बल्कि राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भी स्टार्टअप माहौल को बल मिलेगा।


