
श्वान बधियाकरण का है मामला
धमतरी।श्वान के बधियाकरण के लिए निकाले गए निविदा में नैन फाउंडेशन ने बढ़चढकर भाग लिया और निगम के साथ अनुबंध भी कर लिया था। जिसके आधार पर संबंधित एजेंसी को कार्य आदेश जारी कर दिया था, ताकि तय समय पर कार्य हो जाए। एजेंसी ने टालमटोल करते हुए एक माह निकाल दिया और जुलाई माह में आवेदन देकर स्थल की मांग की। निगम ने तत्परता दिखाते हुए स्थल चयन कर संबंधित एजेंसी को अवगत करा दिया और कार्य शीघ्र प्रारंभ करने कहा। एजेंसी के द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी गई।निगम ने जुलाई में प्रथम नोटिस जारी करने के बाद पुनः दूसरा नोटिस कुछ दिनों बाद जारी किया और 24 घंटे के भीतर कार्य प्रारंभ करने कहा गया,एजेंसी ने पूर्व बताए गए स्थलों को छोड़कर अन्य नए स्थान को चिन्हांकित करते हुए सुभाष नगर वार्ड स्थित स्थल को उपयुक्त बताया।स्थल पूरी तरह से तैयार होने के बाद भी एजेंसी ने कार्य प्रारंभ नहीं किया,निगम द्वारा संपर्क करने के बाद भी एजेंसी के द्वारा कोई प्रतिक्रिया नहीं दिए जाने के कारण एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने का नोटिस निगम आयुक्त ने जारी कर दिया है और निर्देशित किया कि 24 घंटे के भीतर निगम क्षेत्र अंतर्गत श्वानों का बधियाकरण एवं टीकाकरण कार्य प्रारंभ कर अवगत कराए, अन्यथा कड़ी कार्यवाही करते हुए एजेंसी के द्वारा जमा की गई एफडीआर की राशि को राजसात कर लिया जाएगा।अनुबंध को निरस्त करके नैन फाउंडेशन एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।


