

विधायक अजय चंद्राकर और कलेक्टर की पहल से आर्द्रभूमि संरक्षण एवं प्रवासी पक्षियों के संवर्धन की दिशा में प्रयास तेज
धमतरी। जिले के भखारा स्थित आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित एवं नामांकित करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। विधायक अजय चंद्राकर और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई), प्रयागराज एवं छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण के विशेषज्ञों की टीम ने तालाब का निरीक्षण कर इसकी पर्यावरणीय और जैव विविधता संबंधी संभावनाओं का आकलन किया।
निरीक्षण के आधार पर तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट, केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने तालाब की प्राकृतिक संरचना, जलीय पारिस्थितिकी, जैव विविधता और प्रवासी पक्षियों के अनुकूल पर्यावास का अध्ययन किया। इसके आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। आगे संरक्षण एवं विकास का प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
रामसर साइट बनने से आमा तालाब को मिलेगी राष्ट्रीय पहचान, पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित करने का उद्देश्य इसे जैव विविधता संरक्षण और प्रवासी पक्षियों के महत्वपूर्ण आश्रय स्थल के रूप में पहचान दिलाना है। इससे क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ का कोपरा जलाशय प्रदेश का पहला रामसर स्थल है। राज्य सरकार ने अंजोर विजन 2047 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश की 20 आर्द्रभूमियों को रामसर स्थल के रूप में नामांकित कराने का लक्ष्य रखा है।
प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन पर रहेगा जोर
विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने कहा कि आमा तालाब का संरक्षण क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पवारिया ने तालाब की स्वच्छता, संरक्षण एवं पर्यावरण अनुकूल विकास में नगर पंचायत की ओर से सहयोग देने की बात कही।निरीक्षण दल में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, प्रयागराज की डॉ. विनय रंजन, बी. लक्ष्मणुडु तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण की अनीता हरमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

