

बीसीएस पीजी कॉलेज में कार्यशाला आयोजित, विशेषज्ञों ने सहकारी व्यवसाय और शासकीय योजनाओं की दी जानकारी
धमतरी। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से बीसीएस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में ‘सहकारी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर’ विषय पर प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। जिला सहकारी संघ और महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में विशेषज्ञों ने सहकारिता आधारित व्यवसाय, उद्यमिता और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।
सहकारी समितियों के माध्यम से युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ना जरूरी है। सामूहिक प्रयासों से रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
बैंकिंग, डेयरी, वनोपज और कृषि व्यवसाय में स्वरोजगार की संभावनाएं
वक्ताओं ने बताया कि बैंकिंग, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, बागवानी, वनोपज प्रसंस्करण, डिजिटल भुगतान और कृषि आधारित व्यवसायों में सहकारिता के माध्यम से रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। माइक्रो एटीएम, बीमा, औषधि केंद्र, पेट्रोल पंप, बीज भंडारण और गोदाम जैसी गतिविधियों को भी सहकारी समितियों के जरिए संचालित किया जा सकता है।
युवा सहकार सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यशाला में नंदनी सहकार योजना, वित्तीय सहायता योजना, सृजन शक्ति योजना, युवा सहकार योजना तथा राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) की विभिन्न योजनाओं और रियायती ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने युवाओं को नौकरी की तलाश तक सीमित न रहकर समूह और समितियां बनाकर उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
167 महिलाओं का सामूहिक उद्यम बना आर्थिक आत्मनिर्भरता की मिसाल
इस दौरान कोथाकोण्डा की 167 महिलाओं के सामूहिक उद्यम का उदाहरण देते हुए बताया गया कि समूह की वार्षिक आय 1 करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक हो चुकी है। वक्ताओं ने इसे सहकारिता के माध्यम से सामूहिक आर्थिक आत्मनिर्भरता का उदाहरण बताया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं जनभागीदारी समिति के सदस्य उपस्थित रहे। संचालन डॉ. तामेश्वरी साहू ने तथा आभार प्रदर्शन डॉ. वेदवती देवांगन ने किया।

