

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर ग्राम बोड़रा में उन्नत वत्स प्रदर्शनी एवं पशुपालक कृषक गोष्ठी आयोजित, पशुपालकों को वितरित किया गया मिनरल मिक्सचर
धमतरी। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर ग्राम बोड़रा में उन्नत वत्स प्रदर्शनी एवं पशुपालक कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किसानों को खेती के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन अपनाकर आय के अतिरिक्त एवं स्थायी स्रोत विकसित करने की सलाह दी।
खेती के साथ पशुपालन से किसानों को मिलेगी वर्षभर आमदनी
कलेक्टर ने कहा कि जिले के अधिकांश किसान धान की खेती पर निर्भर हैं, ऐसे में पशुपालन किसानों को वर्षभर आमदनी का अवसर दे सकता है। दूध से दही, घी, पनीर जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है। उन्होंने पशुपालकों से वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन, उन्नत नस्ल, संतुलित आहार और पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर ध्यान देने की अपील की।
पशुपालकों को मिनरल मिक्सचर वितरित कर दी गई वैज्ञानिक पशुपालन की जानकारी
कार्यक्रम में कृत्रिम गर्भाधान से जन्मे उन्नत वत्सों की प्रदर्शनी लगाई गई। पशुओं को सामान्य टॉनिक एवं कृमिनाशक इंजेक्शन दिए गए तथा पशुपालकों को बेहतर पोषण के लिए मिनरल मिक्सचर वितरित किया गया।
उन्नत नस्ल और संतुलित पशु आहार से पशुधन विकास पर जोर
कृषक गोष्ठी में पशुपालकों को नस्ल सुधार, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पशु आहार, दुग्ध उत्पादन और विपणन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़कर दूध का सामूहिक संकलन एवं विपणन करने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम का आयोजन उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अवधेश कुमार मरकाम के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. प्रमोद कुमार ठाकुर, डॉ. भुजेंद्र सोनी, डॉ. सुरेंद्र कुमार मरकाम सहित विभिन्न पशु चिकित्सा संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

