विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए धमतरी में नोडल अधिकारी नियुक्त, अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय में रहने के निर्देश

14 से 17 दिसंबर तक चलेगा विधानसभा का ग्यारहवां सत्र, सदन से जुड़े प्रश्नों और सूचनाओं के समयबद्ध निराकरण की सौंपी गई जिम्मेदारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ विधानसभा का षष्ठम् विधानसभा का ग्यारहवां सत्र 14 से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। सत्र के दौरान विधानसभा से संबंधित प्रश्नों एवं अन्य विषयों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिला स्तर पर नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं।

अपर कलेक्टर अजय किशोर लकड़ा को नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई

जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर अजय किशोर लकड़ा को नोडल अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन्हें विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त तारांकित एवं अतारांकित प्रश्नों, स्थगन प्रस्ताव, शून्यकाल, आश्वासन, ध्यानाकर्षण सूचनाओं और अशासकीय संकल्पों सहित अन्य मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

सत्र के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को मुख्यालय में रहना होगा अनिवार्य

जिला प्रशासन ने सत्र की अवधि में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। अत्यावश्यक परिस्थितियों को छोड़कर मुख्यालय से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। अपरिहार्य स्थिति में सक्षम अधिकारी से पूर्व अनुमति और अवकाश स्वीकृत कराना अनिवार्य होगा।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए निर्देश

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन करने कहा है, ताकि विधानसभा सत्र के दौरान मांगी जाने वाली जानकारियों और प्रश्नों के उत्तर समय पर उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *