
सक्षम ऋण योजना से शुरू किया फल व्यवसाय, अब अपनी कमाई से चला रहीं परिवार और बेटी की पढ़ाई का खर्च
धमतरी। पति के निधन के बाद बेटी के पालन-पोषण और उसकी पढ़ाई की जिम्मेदारी अकेले संभालना रेखा शांडिल्य के लिए बड़ी चुनौती थी। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया। आज धमतरी के जालमपुर-1 निवासी रेखा अपने छोटे से फल व्यवसाय के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करने के साथ बेटी की पढ़ाई का खर्च भी उठा रही हैं।
सक्षम ऋण योजना से मिला 40 हजार रुपये का आर्थिक संबल
रेखा के जीवन में बदलाव की शुरुआत महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम ऋण योजना से हुई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने विभाग में आवेदन किया। जनवरी 2025 में उन्हें 40 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ,इस राशि से उन्होंने घर के पास ही फल की दुकान शुरू की।
व्यवसाय की कमाई से परिवार का भरण-पोषण और बेटी की पढ़ाई जारी
शुरुआत में कई चुनौतियां आईं, लेकिन मेहनत और लगन से उन्होंने धीरे-धीरे अपना व्यवसाय स्थापित कर लिया। आज दुकान से होने वाली नियमित आमदनी उनके परिवार का प्रमुख सहारा बन गई है। वे बेटी की पढ़ाई का खर्च स्वयं उठा रही हैं और ऋण की किस्तों का भुगतान भी नियमित रूप से कर रही हैं।
रेखा का संघर्ष और सफलता दूसरी महिलाओं के लिए बनी प्रेरणा
रेखा के लिए यह फल दुकान केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की पहचान बन गई है। सक्षम ऋण योजना से मिले आर्थिक सहयोग ने उन्हें विपरीत परिस्थितियों से उबरने और अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर दिया।रेखा शांडिल्य की यह कहानी बताती है कि मजबूत इच्छाशक्ति, मेहनत और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सहयोग मिले तो कठिन परिस्थितियों में भी आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई जा सकती है।

