

प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा- जनजातीय समाज का सम्मान, अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता
पीएम जनमन योजना के तहत 50 सीटर बालक छात्रावास का शुभारंभ, हितग्राहियों को सौंपी पीएम आवास की चाबियां, उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
धमतरी। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से विकासखंड नगरी के ग्राम दुगली में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि तथा लोकसभा सांसद भोजराज नाग अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।समारोह में जनजातीय लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी परंपराओं एवं लोकजीवन की झलक देखने को मिली। विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल भी लगाए गए।
जनजातीय समाज का विकास सरकार की प्राथमिकता – मंत्री टंकराम वर्मा
मुख्य अतिथि मंत्री टंकराम वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, साहस और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए किया गया आंदोलन आज भी प्रेरणास्रोत है।कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि नई पीढ़ी जनजातीय महापुरुषों के योगदान और गौरवशाली इतिहास से परिचित हो सके।
केंद्र एवं राज्य सरकार जनजातीय समाज की शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को पक्के आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर सहित अन्य जनजातीय नायकों के बलिदान का भी स्मरण किया।
50 सीटर बालक छात्रावास का शुभारंभ
मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रधानमंत्री जनमन अभियान के तहत शासकीय हाईस्कूल बाजारकुर्रीडीह में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के विद्यार्थियों के लिए बनने वाले 50 सीटर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। कहा कि छात्रावास बनने से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुरक्षित आवासीय सुविधा और पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों का विस्तार – सांसद भोजराज नाग
सांसद नाग ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, स्वाभिमान और प्रकृति के प्रति गहरे जुड़ाव का इतिहास है। देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय महापुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आजीविका के अवसरों के विस्तार पर जोर दिया।
36 सड़कों से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर – कलेक्टर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में जनजातीय क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 36 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। इससे दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित, हितग्राहियों को मिली आवास की चाबी
समारोह में जनजातीय समाज के विकास, जनसेवा और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज प्रमुखों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पक्के मकान की चाबियां सौंपी गईं।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

