

प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद भोजराज नाग ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से निभाई गोदभराई की रस्म
गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक एवं संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और सुरक्षित मातृत्व के प्रति किया जागरूक
धमतरी। जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह के अवसर पर विकासखंड नगरी के ग्राम दुगली में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं के सम्मान में गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनजातीय गौरव दिवस पर पांच गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति से हुई गोदभराई
इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा और लोकसभा सांसद भोजराज नाग सहित अतिथियों ने पांच गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोदभराई की रस्म निभाई तथा उन्हें पोषण बास्केट भेंट की।
गर्भवती माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार का दिया संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और अपने साथ गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का संदेश दिया गया। महिलाओं को बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण, स्वच्छता और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण मां एवं बच्चे दोनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण के प्रति किया जागरूक
इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।गोदभराई की यह पहल गर्भवती माताओं के प्रति सम्मान, स्नेह और अपनत्व व्यक्त करने के साथ ही स्वस्थ मातृत्व एवं सुपोषित शिशु के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का माध्यम बनी।

