

47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे किसान रामरतन साहू, शासन की योजनाओं और खरीदी व्यवस्था पर जताया संतोष
धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी किसानों की मेहनत को आर्थिक मजबूती देने के साथ जीवन में खुशहाली ला रही है। इसी का उदाहरण ग्राम बोरिदखुर्द के किसान रामरतन साहू हैं, जो खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में अपनी पहली खेप के रूप में 47 क्विंटल धान लेकर सोरम उपार्जन केंद्र पहुंचे।
पिछले साल धान की कमाई से खरीदा ट्रैक्टर,अब बेटा ट्रैक्टर से संभाल रहा खेती की जिम्मेदारी
रामरतन साहू ने बताया कि उन्होंने अपने लगभग ढाई एकड़ खेत में धान की फसल ली है। ऑनलाइन टोकन के माध्यम से खरीदी के पहले दिन ही धान बेचने पहुंचे हैं।बताया कि पिछले वर्ष धान विक्रय से मिली राशि से उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा है। अब उनका बेटा ट्रैक्टर चलाकर खेती-किसानी के कार्यों में सहयोग कर रहा है। इससे कृषि कार्यों में सुविधा बढ़ी है और दूसरों पर निर्भरता कम हुई है।
महतारी वंदन, उज्ज्वला और राशन योजना से परिवार को राहत
बताया कि उनके परिवार को महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्ड से मिलने वाली सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। प्रतिमाह मिलने वाले 35 किलो चावल और अन्य योजनाओं से घरेलू खर्च में राहत मिलती है।
सोरम उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
सोरम उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि यहां पेयजल, धान तौल और बारदाने की अच्छी व्यवस्था है। ऑनलाइन टोकन से धान बेचने में भी सुविधा हो रही है। उन्होंने कृषक उन्नति योजना सहित शासन की किसान हितैषी योजनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।रामरतन साहू की कहानी बताती है कि धान की उपज का उचित मूल्य मिलने और योजनाओं का लाभ परिवार तक पहुंचने से किसान खेती में निवेश कर आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकते हैं।

