लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – एसपी भावना पांडेय

क्राइम मीटिंग में थाना-चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, नशा तस्करी और चाकूबाजी पर प्रभावी कार्रवाई के दिए आदेश

धमतरी। अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसपी भावना पांडेय ने एसपी कार्यालय में जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में अपराधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।

60 और 90 दिनों से अधिक लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

एसपी ने 1 अक्टूबर से 12 नवंबर 2026 तक जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में किए गए कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान लंबित अपराधों, चालान, मर्ग, गुम इंसान, शिकायतों और विभागीय जांच की स्थिति की जानकारी ली गई। विशेष रूप से 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने, गुणवत्तापूर्ण विवेचना और समय पर चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनावश्यक देरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

फरार आरोपियों और अपराधियों पर रहेगी नजर

एसपी ने फरार आरोपियों एवं वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी, समंस और स्थायी वारंटों की तामीली तथा निगरानी एवं गुंडा बदमाशों पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए।वहीं नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों के कारोबार, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नियमित चेकिंग अभियान चलाने और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।

आधुनिक तकनीक से मजबूत होगी पुलिसिंग

बैठक में CCTNS, E-Sakshya, E-FSL, e-Prosecution, ICJS, CEIR सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी विवेचकों को तकनीकी संसाधनों का नियमित उपयोग करने और लंबित ऑनलाइन प्रविष्टियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही थानों में CCTV कैमरों को चालू रखने तथा शासकीय वाहनों एवं अन्य संसाधनों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा।

यातायात और सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर

एसपी ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन कार्रवाई के निर्देश दिए।साथ ही राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटवाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा बीट प्रणाली को सक्रिय बनाने, आम नागरिकों से बेहतर समन्वय रखने, शांति समिति एवं महिला कमांडो की गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता से निराकरण करने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी अधिकारियों को क्राइम मीटिंग में दिए गए निर्देशों का समय-सीमा में पालन कर आगामी बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

ये अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल, शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा, डीएसपी भानू प्रताप चंद्राकर, यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं विभिन्न पुलिस शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *