
15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू होगी धान खरीदी, पहले दिन 550 से अधिक किसानों ने कटवाए टोकन
36 बिंदुओं की चेकलिस्ट से व्यवस्थाओं का सत्यापन, पहले दिन करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर (जनजातीय गौरव दिवस) से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी।इसके लिए जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन धान बेचने के लिए 550 से अधिक किसानों ने टोकन कटवाए हैं,इन किसानों से करीब 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।
36 बिंदुओं की चेकलिस्ट से उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का सत्यापन
खरीदी व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों का 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के आधार पर सत्यापन कराया है। इसमें साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, बारदाने और बायोमेट्रिक उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की जांच की गई है। तौल उपकरणों का विधिक माप विज्ञान विभाग से सत्यापन भी कराया गया है।इसके अलावा किसानों के बैठने, पेयजल, प्राथमिक उपचार, पर्याप्त हमालों एवं कर्मचारियों की व्यवस्था, धान के सुरक्षित भंडारण के लिए चबूतरे, तारपोलिन और जल निकासी की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया है। केंद्रों में एफएक्यू मानकों की जानकारी, समर्थन मूल्य संबंधी बैनर-पोस्टर, निगरानी समिति और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।आमदी धान उपार्जन केंद्र की चेकलिस्ट के अनुसार वहां 13,600 क्विंटल की बफर लिमिट, 30 हजार नए बारदाने और 1,900 पीडीएस बारदाने उपलब्ध हैं। केंद्र में 1,318 किसान पंजीकृत हैं। भंडारण, पेयजल, इन्वर्टर, तारपोलिन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई है।
किसानों की सुविधा, पारदर्शिता और सुरक्षित भंडारण पर प्रशासन का जोर
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी केंद्रों में व्यवस्थाएं सुचारू रखें और खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराएं।जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्र अब किसानों से धान खरीदी के लिए तैयार हैं,15 नवंबर से केंद्रों में किसानों की चहल-पहल के साथ खरीफ विपणन वर्ष की खरीदी का आगाज होगा।

