
धमतरी जिले में आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे कार्य, 133 जनजातीय बसाहटों में विकास गतिविधियों की शत-प्रतिशत संतृप्ति
15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस पर विशेष
धमतरी। जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के साथ सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में जिले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर जिले में विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के विकास के लिए संचालित योजनाएं महत्वपूर्ण उपलब्धियों को दर्शाती हैं। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) योजना से कमार परिवारों को आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और रोजगार जैसी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
1,481 आवास स्वीकृत, मसानडबरा में विशेष कॉलोनी
पीएम जनमन आवास योजना के तहत जिले में कमार परिवारों के लिए 1,481 आवास स्वीकृत किए गए हैं। अधिकांश आवास पूर्ण हो चुके हैं और शेष को आगामी चार माह में पूरा करने का लक्ष्य है। नगरी विकासखंड के मसानडबरा में कमार परिवारों के लिए विशेष आवासीय कॉलोनी विकसित की गई है, जिसे देश की दूसरी और छत्तीसगढ़ की पहली पीएम जनमन आवास कॉलोनी होने की पहचान मिली है। यहां आधुनिक सुविधाओं के साथ कमार समुदाय की पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक पहचान को भी महत्व दिया जा रहा है।
सड़क, बिजली और पेयजल की सुविधा
दूरस्थ जनजातीय बसाहटों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जिले में 36 सड़कों का निर्माण स्वीकृत किया गया है, जिनकी कुल लागत 1,341.60 लाख रुपये है तथा जल जीवन मिशन के तहत घरों में पेयजल व्यवस्था और विद्युतीकरण का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। इससे ग्रामीणों की स्वास्थ्य, शिक्षा और आवागमन संबंधी सुविधाओं में सुधार हो रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
कमार विद्यालय को कक्षा 12वीं तक उच्चीकृत करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं नगरी विकासखंड के बाजार कुर्रीडीह में 50 सीटर बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है, जिसे जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य है। बोईरगांव में बहुउद्देश्यीय केंद्र के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रशिक्षण और आजीविका संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
स्वरोजगार और व्यापार के नए अवसर
कमार समुदाय को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए बेलरगांव, कसपुर, बोरई, कुकरेल, सिंगपुर, दुगली और केरेगांव में आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित करने की पहल की जा रही है। इससे कमार परिवारों को दुकान संचालन और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। ग्राम पिपरहीभर्री में लघुवनोपज प्रबंधन, संसाधन मानचित्रण और आजीविका आधारित कार्ययोजनाएं भी तैयार की गई हैं।
बोरई में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल का प्रस्ताव
जनजातीय क्षेत्रों में व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए बोरई में अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके लिए स्थल का चयन भी किया जा चुका है। इस परियोजना से परिवहन, व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं एवं छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार के अवसर विकसित होने की संभावना है।
133 बसाहटों में विकास गतिविधियों की शत-प्रतिशत संतृप्ति
पीएम जनमन योजना के अंतर्गत जिले की 133 जनजातीय बसाहटों में त्वरित विकास गतिविधियों की शत-प्रतिशत संतृप्ति हासिल की गई है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाना भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है।जनजातीय विकास की इन पहलों का उद्देश्य केवल मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कमार समुदाय को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्रदान करना भी है। साथ ही उनकी लोककला, पारंपरिक ज्ञान, भाषा और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने पर जोर दिया जा रहा है। जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर ये प्रयास जनजातीय समाज के सम्मान, समावेशी विकास और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को और मजबूत करते हैं।

