दीपावली से पहले अग्निशमन विभाग अलर्ट, पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण

व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा के उपायों का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण, उपकरणों की जांच कर सुरक्षित संचालन के दिए निर्देश

धमतरी। दीपावली पर्व के दौरान आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम ने धमतरी शहर में संचालित विभिन्न अस्थायी पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के नियमों, आवश्यक सावधानियों तथा आग लगने की स्थिति में बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई।

पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच, व्यापारियों को दिया गया प्रशिक्षण

निरीक्षण के दौरान टीम ने पटाखा दुकानों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की। साथ ही उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, पटाखों के सुरक्षित भंडारण तथा विक्रय के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। व्यापारियों को समझाया गया कि दुकानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।इस दौरान अग्निशमन विभाग के चालक दिलीप निषाद तथा फायरमैन शीतेश पवार,देवेंद्र साहू एवं भरत ठाकुर ने व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने आग बुझाने के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति में किस प्रकार त्वरित और सुरक्षित तरीके से बचाव कार्य किया जाना चाहिए। साथ ही अग्निशमन सेवा को तत्काल सूचना देने और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई।

सुरक्षा मानकों के पालन की व्यापारियों से अपील।

अग्निशमन विभाग ने सभी पटाखा दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दीपावली के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और अग्नि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा तैयार स्थिति में रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और नागरिक सुरक्षित वातावरण में दीपावली का पर्व मना सकें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *