

सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा के निर्देश पर त्वरित पहल, सभी विद्यार्थियों को मिली आवश्यक सामग्री
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक शाला कमारपारा, पिपरहीभर्री-कौहाबाहरा के सभी 15 विद्यार्थियों को जूता-मोजा वितरित किया गया,जिसमें 5 बालक और 10 बालिकाएं शामिल हैं। जिला पंचायत के सीईओ जयंत नाहटा के निर्देश पर विद्यार्थियों की आवश्यकता सामने आने के बाद यह पहल की गई।विद्यालय निरीक्षण के दौरान नाहटा ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली थी। इस दौरान जूता-मोजा की आवश्यकता सामने आने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद सभी 15 विद्यार्थियों के लिए जूता-मोजा उपलब्ध कराया गया।विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों को सामग्री वितरित की गई। ग्रामीणों ने बच्चों की जरूरत पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन की पहल की सराहना की।
बच्चों की जरूरतों पर त्वरित कार्रवाई
सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्रशासन की प्राथमिकता है। कहा कि विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली विद्यार्थियों की आवश्यकताओं का यथासंभव त्वरित समाधान किया जाएगा।जिला प्रशासन की यह पहल सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों की जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में की गई पहल है।

