सलोनी राहत शिविर में बेहतर व्यवस्थाएं, राजस्व अमले ने दिखाई तत्परता

दिन-रात राहत शिविर में डटे रहे अधिकारी-कर्मचारी, प्रभावित परिवारों की जरूरतों का रखा ध्यान

धमतरी। जिले में लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखने के साथ राहत शिविरों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटा है। इसी क्रम में सलोनी स्थित बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई, स्वच्छता और भोजन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।शिविर में रह रहे प्रभावित परिवारों को सुबह नाश्ते के साथ नियमित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है एवं परिसर की स्वच्छता और हाईजीन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि लोगों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके। रात के समय भी भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

आपदा के समय सेवा का उदाहरण बना राजस्व अमला

बाढ़ की सूचना मिलते ही कुकरेल तहसील का राजस्व अमला सक्रिय हुआ और तहसीलदार के नेतृत्व में प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर राहत कार्यों की जिम्मेदारी संभाली। अधिकारी-कर्मचारी दोपहर करीब 12 बजे से देर रात 11 से 12 बजे तक राहत शिविर में मौजूद रहे। इस दौरान प्रभावित परिवारों को शिविर तक पहुंचाने, उनके ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग किया गया।राजस्व अमले ने प्रभावित परिवारों की जरूरतों की जानकारी लेकर स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं के तत्काल निराकरण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया। कठिन परिस्थितियों में अधिकारियों और कर्मचारियों की यह तत्परता राहत कार्यों को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण रही।जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहाटा प्रशासनिक टीम के साथ लगातार संपर्क में रहकर प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रखने तथा प्रभावित लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षित आश्रय जैसी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *