
चंद्रसूर में बाढ़ के बीच फंसे दो व्यक्तियों को रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला
धमतरी। जिले में लगातार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है। जिले के सबसे बड़े जलाशय से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद महानदी के तटीय क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ गया है,जिसे देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील और तटीय क्षेत्रों में पहले ही अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की है।
इसी दौरान चंद्रसूर क्षेत्र में बाढ़ के बीच दो व्यक्तियों के फंसे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर मिली सूचना और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई से दोनों की जान बचाई जा सकी।प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस, राजस्व, पंचायत और आपदा प्रबंधन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय हैं। वहीं, राहत शिविरों में पहुंचाए गए प्रभावित परिवारों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला कंट्रोल रूम या संबंधित प्रशासनिक अमले को सूचना दें।

