

सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा एवं अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी ने प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
धमतरी। जिले एवं आसपास के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी सहित प्रशासनिक टीम प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है।वहीं जलभराव से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यकता के अनुसार सुरक्षित स्थानों एवं बाढ़ आपदा भवनों में शिफ्ट किया जा रहा है। ग्राम पंचायत कोलियरी, मधुरिमा, सलोनी और खरेंगा सहित अन्य क्षेत्रों में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
सीईओ जिला पंचायत ने बारिश एवं जलाशयों से छोड़े जा रहे पानी के कारण क्षतिग्रस्त कोड़ेगांव बी-मोगरागहन मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए।उन्होंने लोक निर्माण विभाग को जिले की सभी प्रमुख सड़कों की स्थिति की समीक्षा करने तथा बारिश से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कराने कहा। साथ ही जिन स्थानों पर जलभराव या सड़क क्षति के कारण आवागमन प्रभावित हुआ है, वहां शीघ्र आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।साथ ही अधिकारियों से बारिश से क्षतिग्रस्त एवं जलभराव प्रभावित सड़कों की स्थानवार स्थिति, क्षति की गंभीरता और आवागमन की स्थिति की रिपोर्ट भी तत्काल प्रस्तुत करने को कहा है।जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों के साथ सड़क और संपर्क व्यवस्था बहाल करने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है तथा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर सतत नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

