
3 किमी पैदल चलकर और करीब 200 मीटर बाढ़ के पानी को पार कर आश्रम पहुंचे जवान, रात 1 बजे तक चला रेस्क्यू अभियान
धमतरी। बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच धमतरी पुलिस ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए लोमस ऋषि आश्रम एवं गौशाला में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।पुलिस के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे नवागांव के ग्रामीणों से सूचना मिली कि कुलेश्वर महादेव मंदिर के पास स्थित लोमस ऋषि आश्रम एवं गौशाला बाढ़ के पानी से घिर गया है,जिसकी सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सउनि. राधेश्याम बंजारे पुलिस बल के साथ तत्काल रवाना हुए।मगरलोड-राजिम मुख्य मार्ग से आश्रम तक पहुंचने का रास्ता बाढ़ के पानी में डूब चुका था। पुलिस टीम ने नवागांव की ओर से नदी किनारे करीब 3 किलोमीटर का कच्चा रास्ता पैदल तय किया। इसके बाद चौकी प्रभारी राधेश्याम बंजारे, आरक्षक अनिल कुमार साहू और स्थानीय ग्रामीण नंदेश ध्रुव ने करीब 200 मीटर के जलभराव वाले हिस्से को तैरकर पार किया और आश्रम तक पहुंचे।
रात 1 बजे तक चला रेस्क्यू
लगातार बढ़ते जलस्तर और अंधेरे के बीच पुलिस टीम ने आश्रम में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया। टीम ने दो बार आवागमन कर सभी 9 लोगों को सकुशल बाहर निकाला। रेस्क्यू अभियान रात करीब 1 बजे तक चला।सुरक्षित निकाले गए लोगों में दुर्गेशचंद्र प्रधान,उम्र 38 वर्ष, उनकी पत्नी पूनम प्रधान उम्र 30 वर्ष और उनके बच्चे उपासना,10 वर्ष , अघनी,6वर्ष एवं अंश, 2,वर्ष शामिल हैं। इनके अलावा नेहरू राम साहू ,उम्र 54,वर्ष साधु धारानंद महात्मा ,81वर्ष , फकलूर,उम्र 77 वर्ष तथा करीब 55 वर्षीय एक मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस और ग्रामीणों के समन्वय से सफल हुआ अभियान
रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी सउनि. राधेश्याम बंजारे, प्रधान आरक्षक लोकेश नेताम, प्रधान आरक्षक हरिश सोरी, आरक्षक अनिल कुमार साहू, विश्वजीत वर्मा, यशवंत लहरी सहित ग्रामीण नंदेश साहू और सरपंच पति अवधराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसपी के निर्देशन तथा एएसपी एवं एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने समन्वय के साथ सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

