
विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की दी जानकारी
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कुरूद में विद्यार्थियों के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी दी।पुलिस विभाग कुरूद से उपनिरीक्षक खेमराज साहू, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण साहू एवं ट्रैफिक कांस्टेबल राजीव साहू ने विद्यार्थियों को हेलमेट पहनने, ड्राइविंग लाइसेंस रखने, ट्रैफिक सिग्नल और जेब्रा क्रॉसिंग का पालन करने की समझाइश दी। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने और तेज गति से वाहन चलाने से बचने की अपील की।कार्यक्रम के मार्गदर्शक डॉ. नवनीत राणा ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्वयं के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का आग्रह किया।इस दौरान कम उम्र में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले जोखिमों के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने और परिवार एवं समाज को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

