गणेश विसर्जन झांकी और आगामी त्योहारों से पहले धमतरी पुलिस का सख्त अभियान

गुंडा, निगरानी और माफी बदमाशों की कराई गई परेड, अपराध व नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

धमतरी। गणेश विसर्जन झांकी एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए धमतरी पुलिस ने असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।एसपी के निर्देशन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जा रही है।थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री क्षेत्र के गुंडा, निगरानी एवं माफी बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी परेड कराई गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने उनसे व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

अपराध और नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ

पुलिस अधिकारियों ने बदमाशों को समझाइश दी कि वे नशे और अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करें। इस दौरान सभी को नशे एवं अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, लड़ाई-झगड़े अथवा अशांति फैलाने में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।वहीं पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि संबंधित व्यक्तियों के आचरण एवं गतिविधियों में निरंतर सुधार होता है और वे समाज में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करते हैं, तो नियमानुसार उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में सुधार की कार्रवाई की जा सकती है।

अड्डेबाजी और चाकूबाजी पर पुलिस की पैनी नजर

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां लगातार पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग करने की तैयारी की है। अड्डेबाजी करने वालों, लड़ाई-झगड़ा करने वाले तत्वों, चाकूबाजी तथा अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। तथा थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के साथ ही माइनर एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

शांति भंग करने वालों को नहीं मिलेगी राहत

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई में डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश जगत सहित थाना सिटी कोतवाली, अर्जुनी एवं रूद्री के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *