

97 प्रकार की जांचें निःशुल्क, ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत भखारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ विधायक अजय चंद्राकर ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ज्योति हरख जैन ने की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।अटल आरोग्य लैब शुरू होने से भखारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को 97 प्रकार की जांचें निःशुल्क स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को जांच के लिए दूर जाने की जरूरत कम होगी और समय व संसाधनों की बचत के साथ समय पर जांच एवं उपचार में सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार : अजय चंद्राकर
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अटल आरोग्य लैब के माध्यम से बड़ी संख्या में जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।कहा कि समय पर जांच और बीमारी की पहचान उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसी सुविधाओं से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।लैब के शुरू होने से ग्रामीण मरीजों को जिला मुख्यालय या बड़े स्वास्थ्य केंद्रों तक जांच के लिए जाने की आवश्यकता कम होगी। स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से बीमारी की समय पर पहचान और उपचार प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।

