

शासकीय योजनाओं एवं अधिकारों की दी जानकारी, नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय में विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किया गया। बालिकाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं, पात्रता, उपलब्ध सुविधाओं एवं अधिकारों की जानकारी दी गई। वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और नशामुक्त समाज के महत्व का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य अनीता यादव मुख्य अतिथि रहीं। एसएमसी अध्यक्ष फालेंद्र साहू, समाज कल्याण विभाग की ओआईसी कल्पना ध्रुव एवं उपसंचालक उमा देवांगन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
योजनाओं और अधिकारों की दी जानकारी
शिविर में अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि जरूरतमंद उनका लाभ ले सकें। बालिकाओं को उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा एवं सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए अपने अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूक किया एवं नशामुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।साथ ही उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं संबंधितजन उपस्थित रहे।

