नौकरी-आवास दिलाने के नाम पर 9 लाख की ठगी,महिला समेत दो गिरफ्तार

मंत्रालय में नौकरी और गृह मंडल का पारिजात भवन दिलाने का दिया था झांसा

धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर 9 लाख 8 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मंत्रालय में आवास आवंटित कराने का भरोसा दिलाया।

पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के भानपुरी निवासी मनीष साहू की फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से मुलाकात हुई थी। दोनों ने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताकर आवास आवंटित कराने का भरोसा दिलाया और आरोपियों ने प्रार्थी को मंत्रालय ले जाकर भवन की कीमत 14.12 लाख रुपये बताई और विभिन्न बैंक खातों, ऑनलाइन भुगतान व नकद के माध्यम से कुल 9.08 लाख रुपये ले लिए।ठगी का पता चलने पर रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने 2,98,999 रुपये लौटाए, जबकि शेष राशि नहीं लौटाई,जिसकी शिकायत पर सिटी कोतवाली में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शशि प्रभा साहू,उम्र 50 वर्ष और अमित कुमार देवांगन, उम्र 38 वर्ष को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।वहीं पुलिस ने नागरिकों से नौकरी, मकान या शासकीय योजनाओं के नाम पर किसी अनाधिकृत व्यक्ति को रकम नहीं देने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *