120 फीट रास्ते से पहुंचिए ‘तरिया के गणेश’ के दरबार

बनिया तालाब में गहरे पानी के बीच सजा अनोखा पंडाल, दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु

धमतरी। धर्मनगरी धमतरी में गणेशोत्सव की धूम के बीच आमापारा का बनिया तालाब इन दिनों श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां ‘तरिया के गणेश’ के नाम से प्रसिद्ध गणेशोत्सव में तालाब के गहरे पानी के बीच करीब 120 फीट लंबा रास्ता तैयार कर भव्य पंडाल सजाया गया है,अनूठी प्रस्तुति को देखने और भगवान श्रीगणेश के दर्शन के लिए शहर के साथ आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

हर वर्ष अलग-अलग विषयों पर आकर्षक झांकियां तैयार

आमापारा की सत्यम गणेश उत्सव समिति इस आयोजन का 18वां वर्ष मना रही है। समिति के सदस्यों के अनुसार बनिया तालाब में हर वर्ष अलग-अलग विषयों पर आकर्षक झांकियां तैयार की जाती हैं। समुद्र मंथन, श्रीराम सेतु और कालिया दमन जैसी झांकियां पहले लोगों के बीच खासा आकर्षण रही हैं। वहीं शहर की यातायात समस्या को लेकर बनाई गई बाईपास सड़क की झांकी के जरिए भी समिति ने जनसमस्याओं की ओर ध्यान खींचा था।इस वर्ष तालाब के बीच स्थापित भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा और उसके आसपास तैयार पंडाल श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव सहित विभिन्न शहरों से आए श्रद्धालु दर्शन के साथ इस अनोखी प्रस्तुति की सराहना कर रहे हैं।समिति के सदस्यों ने बताया कि आयोजन के दौरान अब तक बनिया तालाब में किसी अप्रिय घटना का सामने न आना उनके लिए विशेष संतोष का विषय है। गहरे पानी में पंडाल और 120 फीट के रास्ते के निर्माण में समिति के कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से योगदान दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *