

स्थानीय प्रतिभा, संस्कृति और रोजगार के अवसरों को मिलेगी डिजिटल पहचान
धमतरी। कुरूद में युवाओं की प्रतिभा को स्थानीय स्तर पर ही मंच और नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में अजय फाउंडेशन में आधुनिक पॉडकास्ट स्टूडियो का शुभारंभ विधायक अजय चंद्राकर ने किया। स्टूडियो के माध्यम से स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को अपनी प्रतिभा, विचार और हुनर को डिजिटल मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, चंद्राकर ने कहा कि कंटेंट क्रिएशन, पॉडकास्टिंग, वीडियो निर्माण, एंकरिंग और डिजिटल मीडिया स्थानीय युवाओं के लिए कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोल सकते हैं, युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने के साथ-साथ अपने क्षेत्र में उपलब्ध डिजिटल अवसरों से भी जोड़ना जरूरी है।
डिजिटल पहचान दिलाने का प्रयास
स्टूडियो के माध्यम से कुरूद और धमतरी की स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं, इतिहास, पर्यटन, खान-पान और प्रतिभाओं को डिजिटल पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। गंगरेल सहित आसपास के पर्यटन क्षेत्रों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं के लिए गाइड, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, होम-स्टे, स्थानीय खान-पान और अन्य स्वरोजगार के अवसर विकसित हो सकते हैं।इस पहल से स्थानीय कहानियों और प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र से व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

