
तीन दिवसीय शिविर में दिव्यांगजनों को एक ही जगह मिलेंगी शासकीय सेवाएं
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत माह के अंतिम सप्ताह में बाबू पंढरी एवं कृदत्त इनडोर स्टेडियम, धमतरी में तीन दिवसीय जिला स्तरीय ‘निदान-03’ शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में दिव्यांगजनों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण किया जाएगा।
शिविर में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार-स्वरोजगार, बैंकिंग सहित अन्य सेवाओं के लिए मार्गदर्शन एवं सहायता दी जाएगी।साथ में पात्र हितग्राहियों की आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए परीक्षण एवं चिन्हांकन कर उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी रहेगी।कलेक्टर ने अधिकारियों को शिविर में आने वाले दिव्यांगजनों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर पात्रतानुसार आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। शिविर स्थल पर पंजीयन, मार्गदर्शन एवं सहायता डेस्क सहित सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि दिव्यांगजनों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज एवं सम्मानजनक तरीके से एक ही स्थान पर मिल सके।

