“स्कूल-कॉलेज से सार्वजनिक स्थलों तक साइबर जागरूकता की अलख – विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों को किया जागरूक”

“जागरूकता की एक सेल्फी, साइबर सुरक्षा का संदेश – धमतरी पुलिस ने नागरिकों से साइबर सेल्फी अभियान से जुड़ने की अपील”

“OTP, UPI PIN से लेकर फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट तक – साइबर ठगी के नए तरीकों से बचाव की दी जानकारी”

धमतरी। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, बचाव के उपायों तथा साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले आवश्यक उपायों की जानकारी देकर साइबर अपराधों की रोकथाम में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।इसी क्रम में अभियान के प्रथम सप्ताह में जिले के 15 थाना/चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा स्कूल, महाविद्यालय, शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।21 अगस्त को आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 2,160 से 2,245 विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सहभागिता रही,पुलिस टीमों ने नागरिकों एवं विद्यार्थियों को OTP, UPI PIN, CVV, पासवर्ड, बैंक खाता एवं ATM संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की समझाइश दी।साथ ही फर्जी कस्टमर केयर, फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, KYC अपडेट के नाम पर ठगी, फर्जी लिंक एवं QR Code, सोशल मीडिया फ्रॉड, OTP फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी निवेश एवं अन्य ऑनलाइन ठगी के तरीकों से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने विशेष रूप से अपील की कि अनजान कॉल, मैसेज, लिंक अथवा सोशल मीडिया प्रोफाइल पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए किसी ऐप या फाइल को डाउनलोड करने से पहले पूरी तरह सत्यापन करें।वहींविद्यार्थियों एवं नागरिकों को सोशल मीडिया अकाउंट में मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट एवं संदिग्ध प्रोफाइल से सावधान रहने तथा निजी फोटो, दस्तावेज एवं व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया।साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक, एडिटेड अथवा संदिग्ध वीडियो/मैसेज को बिना सत्यापन के शेयर नहीं करने की अपील की गई।छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत वर्तमान में “साइबर सेल्फी अभियान” भी चलाया जा रहा है। धमतरी पुलिस द्वारा विद्यार्थियों एवं नागरिकों को साइबर जागरूकता सेल्फी फ्रेम के साथ सेल्फी लेकर उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं कम से कम 5–10 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।और यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो घबराएं नहीं और बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही संबंधित बैंक अथवा वित्तीय संस्था को तत्काल सूचना दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *