
खुशनुमा मौसम में बढ़ रही पर्यटकों की भीड़, कलेक्टर ने सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश
धमतरी। शनिवार के सरकारी अवकाश के चलते बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी भी अपने परिवार के साथ रुद्री और गंगरेल क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। इसी बीच रुद्री बांध परिसर में शुरू हुई कयाकिंग अकादमी पर्यटकों के आकर्षण का नया केंद्र बन गई है। कयाकिंग करते पर्यटकों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी खूब छा रहे हैं।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महापौर रामू रोहरा ने रुद्री बांध परिसर में कयाकिंग अकादमी का शुभारंभ किया था। गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (छत्तीसगढ़) एवं कर्मा महिला स्व-सहायता समूह, रुद्री के सहयोग से शुरू हुई यह पहल जिले में साहसिक पर्यटन और जल क्रीड़ा को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।रुद्री बांध पहुंच रहे स्थानीय लोगों और आसपास के जिलों के पर्यटक कयाक में बैठकर चप्पू (Paddle) चलाते हुए जलराशि के बीच रोमांच का अनुभव ले रहे हैं। शांत पानी के बीच कयाकिंग का आनंद, चारों ओर फैली हरियाली और बांध का मनोरम दृश्य पर्यटकों के अनुभव को और खास बना रहा है।परिवार के साथ पहुंचे लोग प्रकृति के बीच सुकून के पल बिता रहे हैं, वहीं युवा साहसिक जल खेल का रोमांच उठा रहे हैं।वहीं रुद्री बांध में बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित पर्यटन व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।कयाकिंग के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, प्रशिक्षित संचालकों की मौजूदगी तथा पर्यटकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बांध परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, पहुंच मार्ग और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं कयाकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। स्थानीय युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।


